Showing posts with label historical place of prayagraj. Show all posts
Showing posts with label historical place of prayagraj. Show all posts

Thursday, 7 February 2019

प्रयागराज 8: आनंद भवन जहां सिर्फ आलीशानता नहीं हमारा इतिहास बसता है

ये यात्रा का आठवां भाग है, सातवां भाग यहां पढ़ें।

प्रयागराज वो शहर जिसमें आज बसता है। इलाहाबाद वो शहर है जिसमें हमारा इतिहास बसता है। ये शहर कभी देश के केन्द्र में आता था, जिसने कई अहम फैसले लिये। इतिहास की जगहें लोग भूला देते हैं या वो इतनी जर्जर हो जाती है। जिनको देखकर दया आती है कि हमने क्या हाल कर दिया है। लेकिन इलाहाबाद का आनंद भवन आज भी आलीशनता की विरासत है। जो एक परिवार की विरासत है उससे ज्यादा ये हमारी आजादी का साक्षी है।

प्रहरी चट्टान

अब तक मैं कुंभ के लगभग हर कोने से रूबरू हो चुका था। तब मेरे एक दोस्त ने बताया कि इस शहर में हो तो वहां की ऐतहासिक जगहों को देख लो। चन्द्रशेखर आजाद पार्क देख लिया था, वहीं पर एक किला था अकबर का किला। वहां का रास्ता नही मिल रहा था तो हमने वहीं खड़े पुलिस वाले से रास्ता पूछा। उसने रास्ता तो बता दिया और साथ में बता दिया कि कुंभ के कारण किला बंद होगा। अब हमें जाना था आनंद भवन।

आनंद भवन का नाम मैंने उस दिन से पहले एक-दो बार ही सुना था। वो भी किताबों में। बस इतना पता था कि मोतीलाल नेहरू का घर है। कुंभ से निकलकर हम आनंद भवन की ओर निकल गये। अब तक हम भीड़ के हिस्सा थे फिर एक चैराहा आया और भीड़ से अलग चलने लगे। इस रास्ते पर आटो चल रहे थे, आनंद भवन जाने वाले आटो में हम भी बैठ गये। कुछ मिनटों के बाद हम आनंद भवन के सामने खड़े थे।

आलीशान आनंद भवन


बड़े से गेट को पार करके हम टिकट खिड़की पर पहुंचे। टिकट दो भागों में मिल रहा था। 20रूपये एक मंजिला तक जाने के लिये और 70रूपये पूरा आनंद भवन देखने के लिये। मेरे साथी ने कहा, भूतल ही देख लेते हैं। मैंने कहा जब यहां तक आ ही गये हैं तो पूरा देखकर चलते हैं। टिकट लिया और अंदर चल दिये। आनंद भवन की ओर जाते हुये, सबसे पहले आपको पत्थर की शिला मिलेगी। जिस पर जवाहर लाल नेहरू के इस भवन के बारे में कुछ बातें लिखी हैं।

वही चबूतरा जहां जवाहर लाल नेहरू की अस्थियां रखी गईं थीं।
इस शिला को ‘प्रहरी चट्टा’ का नाम दिया गया है। इस पर लिखा है ‘यह भवन ईंट-पत्थर के ढांचे से कहीं अधिक है। इसका हमारे राष्टीय संघर्ष से अंतरंग संबंध रहा है। इसकी चाहरदीवारी में महान निर्णय लिये गये और अंदर महान घटनाएं घटीं।’ हम उस ओर चल पड़े जहां आनंद भवन था। आनंद भवन ठीक बाहर एक गोल चबूतरा बना है जिस पर तुलसी का पेड़ लगा हुआ है। उस पर लिखा हुआ है- ‘संगम में विसर्जन से पूर्व जवाहर लाल नेहरू की अस्थियां यहां रखी गईं।’ इसके बाद हम आनंद भवन को देखने लगे।

आनंद भवन के दूसरे तल पर है महात्मा गांधी का कमरा।

आनंद भवन दो मंजिला का आलीशान भवन है। जहां की हर चीज आज भी वैसी है जैसी आजादी के पहले थी। भवन का हर कमरा शीशे से बंद है। सबसे पहले वो कमरा दिखता है जिसमें नेहरू परिवार की बैठक होती थी। यहीं पर अतिथियों से मुलाकात होती थी और चर्चायें होती थीं। कमरे में गद्देदार कुर्सियां हैं। कमरे की दीवार पर मोतीलाल नेहरू की तस्वीर है।

इंदिरा गांधी को लिखे नेहरू के पत्र।
इसी भूतल पर मोतीलाल नेहरू का भी एक कमरा है और एक अध्ययन कक्ष भी है। जहां पर वे अध्ययन किया करते थे। उसके ठीक बगल में उनकी पत्नी स्वरूपरानी देवी का कमरा है। इस कमरे में एक बिस्तर है और दीवार पर एक तस्वीर है। जो शायद उनकी ही है। इस कमरे को देखने के बाद आगे बड़ते हैं तो एक बरामदा आता है जिस पर लिखा होता है- ‘यहां इंदिरा गांधी और फिरोज गांधी का विवाह संपन्न हुआ था। इसके बाद हम भवन के दूसरे तल पर जाते हैं।

यही जगह है जहां इंदिरा और फिरोज का विवाह हुआ था।

दूसरा तल


दूसरे तल पर जो पहला कमरा पड़ता है। उसमें इंदिरा गांधी की तस्वीर लगी है औ कुर्सी लगी है। शायद ये इंदिरा गांधी का कमरा है। इसके बगल में ही जो कमरा है उसमें सफेद चादर वाला कमरा पड़ता है। जिसके जमीन पर कुछ बैठने की पालकी बिछी हुई है। इस कमरे में गांधीजी के तीन बंदर भी बैठे हुये हैं। इसके कमरे की सबसे खूबसूरत है वो तस्वीर। जिसमें गांधीजी अपने बिस्तर पर बैठे हंस रहे हैं और उनके साथ बैठी हैं छोटी-सी इंदिरा।

विदेश दौरे पर जाने वाले जवाहर लाल नेहरू के कुछ संगी।

आगे चलने पर वो कमरा आता है जो कई महान निर्णयों का साक्षी बना। जिस कमरे में नेहरू, गांधी, पटेल और कांग्रेसी नेता चर्चाएं करते थे। ये कमरा अब तक के देखे सभी कमरों में सबसे बड़ा है। कमरे में दीवार के एक तरफ किताबें हैं जिन्हें देखकर लगता है कि कानून की किताबें हैं। बाकी पूरे कमरे के फर्श पर गद्दीदार बिस्तर लगा हुआ है।


इसके बाद जो कमरे हैं उसमें नेहरू परिवार की कुछ अहम चीजों को सहेज कर रखा गया है।आगे वाले कमरे में जवाहर लाल नेहरू की कुछ अहम चीजें हैं। जैसे विदेश पहनकर जाने वाले कपड़े, खाने की चम्मचें, स्त्री, चरखा, इंदिरा को लिखे कुछ पत्र भी हैं और वो बहुत बड़ा कलश भी है। जिसमें जवाहर लाल नेहरू की अस्थियां रखी गईं थीं। इसके आगे चलने पर आखिरी में जवाहर लाल नेहरू का अध्ययन रूम मिलता है। जिसमें कुर्सी, टेबल और किताबें रखीं हुई हैं और दीवार पर एक तस्वीर लगी हुई है। जिसमें जवाहर लाल नेहरू कुछ लिखतें हुये दिखाई दे रहे हैं।

जवाहर लाल नेहरू का अध्ययन कक्ष।
आनंद भवन को देखने के बाद मुझे इतिहास की झलक तो दिखी। लेकिन मैं बस यही सोच रहा था कि ये भवन आज इतना आलीशान है तो उस जमाने में तो इसका महत्व ज्यादा होगा। भवन की हर चीज सफेद है बिल्कुल संगमरमर की भांति। चीजें पुरानी होते हुये भी कुछ भी धुंधला नहीं है हर चीज साफ है। भवन में नेहरू परिवार की झलक तो है ही। महात्मा गांधी की भी परछाई है जिसका हर एक वाक्य इस परिवार ने अपनाया।

ये यात्रा का आठवां भाग है, यात्रा का आखिरी पड़ाव यहां पढ़ें।

Tuesday, 29 January 2019

प्रयागराज 4: इस जगह पर आकर आजाद और इलाहाबाद एक हो जाते हैं

 ये यात्रा का चौथा भाग है, यात्रा का तीसरा भाग यहां पढ़ें।

प्रयागराज शहर में हम अब तक बहुत सारी गलियों में घूम चुके थे। मैं कुंभ के चक्कर में इस शहर का इतिहास दिमाग में नहीं आ रहा था। मुझे नहीं याद आ रहा था चन्द्रशेखर आजाद का वो बलिदान। जब अंग्रेजों के सामने अकेले ही भिड़ गये थे और आखिर में आखिरी बची गोली पर अपना नाम लिख दिया। मैं जब उस पार्क के पास ही था और समय भी था तो हमने तय किया कि वो जगह देखी जायेगी। जहां साहस के प्रतीक, देशभक्त चन्द्रशेखर आजाद ने अपनी कुर्बानी दी थी।


मेरे स्थानीय दोस्त के पास स्कूटी थी। मैं उनके साथ ही पार्क निकल पड़ा। कुछ ही देर बाद हम चन्द्रशेखर आजाद पार्क के गेट नं. 3 पर खड़े थे। हमने टिकट विंडो से अंदर जाने के लिये टिकट लिया जो 10 रूपये का था। हम अंदर चल दिये। अंदर घुसते ही ठीक सामने ही चन्द्रशेखर आजाद की वो मूर्ति दिखती है। जिसमें वो अपनी मूंछों पर ताव दे रहे हैं।

साहस के प्रतीक आजाद


पार्क बेहद की करीने से सजाया हुआ था। चन्द्रशेखर आजाद की मूर्ति के ठीक आगे बहुत सारे फूल लगे हुये हैं। जो उस जगह को और अच्छा बनाता है। मूर्ति के पास जाने के लिये एक चबूतरा चढ़ना पड़ता है। हर कोई उस चबूतरे पर जूते-चप्पल उतारकर जा रहा था, मानो किसी मंदिर पर जा रहे हों। मंदिर जैसा ही तो है ये सब और आजादी के लिये कुछ कर गुजरने वालों के लिये मूंछे ऐंठने वाला प्रेरणास्रोत है।

मेरे साथी ने बताया कि इस समय पार्क के कुल पांच गेट हैं। पहले सिर्फ दो गेट थे। बाद में बाकी गेटों को बनवाया है। इन गेटों के नाम चन्द्रशेखर आजाद के साथियों के नाम पर हैं। जैसे रामप्रसाद बिस्मिल, सुखदेव, राजगुरू और भगत सिंह। मूर्ति के पीछे मुझे एक बड़ा-सा पेड़ था। मैंने अपने साथी से कहा, अच्छा ये वही पेड़ है जिसके पीछे खड़े होकर चन्द्रशेखर आजाद ने कुछ सिपाहियों को मार गिराया था। दोस्त ने बताया कि ये वो पेड़ नहीं है, दरअसल अब वो पेड़ है ही नहीं।

अल्फ्रेड पार्क में चन्द्रशेखर आजाद की मूर्ति।
जिस जगह पर आज चन्द्रशेखर आजाद की मूर्ति बनी हुई है, वहीं पेड़ था। लेकिन जब पेड़ नहीं रहा तो चन्द्रशेखर आजाद की मूर्ति बना दी गई। मैं चन्द्रशेखर आजाद की इस मूर्ति और ओरछा के आजादपुर में बनी मूर्ति की तुलना करने लगा। मुझे इस मूर्ति में वो बलिष्ठता नहीं दिख रही थी जो ओरछा में दिखी थी। लेकिन फिर भी इस जगह पर आकर इतिहास के पन्ने को देख रहा था।

इतिहास के पन्ने से


27 फरवरी 1931 तारीख थी। चन्द्रशेखर आजाद अपने साथी सुखदेव के साथ आनंद भवन से मीटिंग करके इस पार्क में आकर बैठ गये। उस समय भगत सिंह जेल में थे। उनको जेल से छुड़ाने की योजना पर बात कर रहे थे। तभी किसी ने अंग्रेजों को इसकी खबर कर दी। थोड़ी ही देर में अंग्रेजों ने पार्क को घेर लिया। आजाद को जैसे ही इस बात का आभास हुआ। उन्होंने सुखदेव को निकलने को कहा और खुद पेड़ के पीछे छिपकर अंग्रेजों का सामना करने लगे।

दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी। आजाद ने अपनी गोली से कई सिपाहियों को निशाना बना लिया था। जब उनके पास सिर्फ एक ही गोली बची थी तो उन्होंने वो साहसी काम किया। खुद को गोली मारकर देश के लिये कुर्बान कर दिया। उन्होंने कहा था कि अंग्रेज मुझे कभी जिंदा नहीं पकड़ पायेंगे। मैं आजाद हूं और आजाद रहूंगा। उसी आजादी का प्रतीक है ये पार्क। जो पहले कंपनी गार्डन और फिर अल्फ्रेड पार्क और अब चन्द्रशेखर आजाद प्रतीक है।


मैं तो कुंभ देखने आया था लेकिन अब इस शहर के महान इतिहास को जान रहा था। जो इस जगह पर आये बिना हो ही नहीं सकता था। जो इस शहर में आये तो संगम जायें तो जायें पर इस जगह पर आना न भूलें। ये हमारा अतीत है, महान अतीत। ये धरा है आजाद के बलिदान की, ये शहर इलाहाबाद है। सरकार चाहे जितने नाम बदल ले, लेकिन इस जगह पर आकर आजाद और इलाहाबाद ही निकलेगा। मैं पार्क से निकल आया लेकिन जेहन में मूंछ ऐंठते हुये चेहरा छाप छोड़ गया।

ये यात्रा का चौथा भाग है, आगे की यात्रा यहां पढ़ें।