Thursday 30 August 2018

रात को हरिद्वार को शांति से देखा और जाना जा सकता है

हरिद्वार, उत्तराखंड का और हिमगिरि का प्रवेश द्वार है। अक्सर हरिद्वार को मैंने दिन में ही देखा है। पूरा भीड़ वाला सीन याद आ जाता है और आपको हर तरफ से लूटने की पुरजोर कोशिश होती है। हरिद्वार में गंगा बहती है और लोग आते भी इसलिए हैं कि अपने पाप धो सकें। मगर हरिद्वार में इतना शोर है कि गंगा की कलकल करने वाली आवाज आपको सुनाई नहीं देगी। सुनाई देगी तो लोग सुनने नहीं देंगे। उनको अगर हरिद्वार दर्शन करना है तो रात को निकलिये बिल्कुल मुसाफिर की तरह, इस बार मैंने भी कुछ ऐसा ही किया है हरिद्वार दर्शन।

हरकी पैड़ी पर गंगा माँ को निहारती एक महिला। 

दिल्ली के कश्मीरी गेट से 27 अगस्त 2018 को रात 10 बजे उत्तराखंड परिवहन की बस पकड़ी और चल पड़ा हरिद्वार के सफर पर। दिल्ली से हरिद्वार पहुंचना आसान भी है और सस्ता भी। मैंने हरिद्वार में तीन साल बिताये थे तो मैं शहर के बारे में सब जानता हूँ। अगर आप रात में पहुँचते हैं तो ऑटो वालों का किराया हाई-फाई हो जाता है। हरकी पैड़ी जो बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर है। आपसे 150-200 रुपया किराया मांगेंगे। हरिद्वार का धर्म नगरी होने उनके लिए एक प्रकार से फायदा है कि दबाकर लुटाई मचाते हैं। सफर में एक ढाबे पर बस रुकी करीब 12 बजे। बस में गर्मी थी सो बाहर आकर हवा लेने लगा, कुछ लोग खाना खा रहे थे और कुछ हवा में उड़ा रहे थे। करीब आधे घंटे के बाद फिर से अपनी और मेरी मंजिल की ओर बढ़ चली।

सबका अनुमान था कि बस लगभग 6 बजे पहुंचाएगी लेकिन जिस रफ्तार से बस भाग रही थी लग रहा था थोड़े ही देर में हरिद्वार पहुंचा देगी। जब सुबह के 2 बज रहे थे। मैंने देखा हम रुड़की पहुंच गये हैं। कुछ समय बाद बाबा रामदेव का पतंजलि आया। जिस तरह से पतंजलि देश में बढ़ता जा रहा है, यहां इंफ्रास्ट्रक्चर भी बढ़ता जा रहा है। कुछ देर बाद मैं हरिद्वार में था, लगभग पांच महीने बाद। लेकिन फिर भी वही अपनेपन का एहसास हो रहा था। आज अकेला था तो कोई जल्दी जाने की जल्दी नहीं थी, बस पैदल ही इस शहर को नापने का मन कर गया।

रात का हरिद्वार

रात के तीन बजे लगभग पूरा हरिद्वार नींद के आगोश में था। स्टेशन पर कुछ ऑटो वाले खड़े थे कि कोई आये और लंबा हाथ मारा जाये। मैंने तो पैदल नापने का मन बना लिया था सो चल पड़ा। मुझे वो डोसा प्लाज़ा और पंजाबी होटल मिले। जहां मैं अपने दोस्तों के साथ कई बार आया हालांकि वो अभी बंद था। उसके बाद थोड़े ही आगे चला तो वो पुल जिसमें पानी नहीं था। कदम थोड़े ही बढ़े थे कि कानों में एक मधुर सी आवाज आ रही थी, एक दम सुकून देने वाली, मुझे उस ओर आकर्षित करने वाली। मैंने ये आवाज पहले भी कई बार सुनी थी। ये गंगा की कलकल करती धारा थी जिसके पास जाने का मन कर रहा था, निहारने का जी चाह रहा था। मैं उस आवाज की ओर चल पड़ा, पतित पावनी गंगा के पास।

हरकी पैड़ी पर गंगा। 
मैं जब पुल से नीचे उतरकर हरकी पैड़ी के रास्ते गंगा पहुंच गया लेकिन वो छोटा सा गया था। मैं पीछे मुड़ गया और हरिद्वार की गलियों में घूमने लगा जो मुझे हरकी पैड़ी पहुंचाती। वो गालियां जो दिन में दुकानदारों से गुलजार रहती हैं, पर्यटक घूमते-फिरते रहते हैं। जहां अंगूठी, कड़े, मालाएँ, मूर्तियां मिलती हैं वहाँ सन्नाटा पसरा हुआ था लेकिन मैं खुश था क्योंकि हरिद्वार का एक अलग रूप देख रहा था जो कभी नहीं देख पाया था। रास्ता आसान था क्योंकि भीड़ नहीं थी, मैं बस चले जा रहा था।

आगे बढ़ने पर एक बोर्ड मिला, मंशा देवी जाने के लिए पैदल रास्ता यहां से है। तीन साल में कई बार मैं मंशा देवी गया था लेकिन ये बोर्ड नहीं था। ये बोर्ड उन कावड़ यात्रियों के लिए था जो कुछ दिनों तक हरिद्वार में अपनी भक्ति दिखा रहे थे। ऐसी चीजों को देखते-देखते में बढ़ता जा रहा था लोग सो रहे थे लेकिन कुछ कुत्ते जरूर चहल-पहल कर रहे थे। मैं देख रहा था कि कहीं तो हरकी पैड़ी का रास्ता मिले। फिर अचानक वही जानी-पहचानी आवाज कानों में पड़ी जो कुछ देर पहले पड़ी थी, कलकल, धारा, प्रवाहित गंगा। मैं सीढ़ियों से नीचे उतर गया, अपने आप को ठंडा महसूस कर रहा था, मेरे सामने गंगा थी, मैं बस किनारे पर बैठ गया और बस निहारने लगा। अरसे बाद लगा कि घर आ गया। 

Wednesday 22 August 2018

काश! ऐसा ही मेरे साथ होता तो जिंदगी कितनी अच्छी होती बस ऐसी लगी मुझे ‘जिंदगी आइस पाइस

निखिल सचान युवा हैं, नई उमंग और उत्साह से लबरेज हैं। वे एक आइआइटियन हैं। उनके दिमाग में आइडिया आते रहते हैं और वही आइडिया कहानी का रूप ले लेते हैं। वे उस पात से अलग मिलते हैं जो अंग्रेजी में लिखते हैं। उन्होंने अपना माध्यम हिंदी को बनाया और हिंदी में वे जबर लिखते हैं। उनकी किताब आने पर लोग उसको बेधड़क पड़ते हैं। ‘नमक स्वादानुसार‘ उनकी पहली किताब है। वे कहते हैं कि हिंदी मेरे दिल के करीब है। उनकी एक और किताब है जिंदगी आइस पाइस, जो 2015 में आई थी। उनकी लेखनी बेधड़क चलती रहती है और बढ़ती रहती है। वो हमें वो सब बताती है जो हमारे साथ होता रहता है।

किताब में अगर कहानी ऐसी हो जो हमसे जुड़ाव रखती हो तो वो हमें ज्यादा पसंद आती है। उसमें वो हो जो हमारे साथ कभी हुआ हो या लगे कि काश ऐसा मेरे साथ भी हो। ऐसी किताबें पढ़कर मजा आ जाता है। कुछ कहानी तो ऐसी है जिसको पढ़ने के बाद लगता है कि काश! ऐसा ही मेरे साथ होता तो जिंदगी कितनी अच्छी होती।
आओ न पीछे से जाकर मारें उसको धप्पा
कहें घुमाओ हमको पिठ्ठू लेकर चप्पा चप्पा
यह किताब भी यहीं से शुरू होती है। यह लाइन है जो इस किताब की शुरूआत में ही मिल जाती है।
जिंदगी आइस पाइस
किताब के बारे में
निखिल सचान की इस किताब में कोई एक कहानी नहीं है इसमें कुछ कहानियां हैं। लेकिन इसकी कहानियां इसके शीर्षक पर फिट बैठती हैं। अक्सर होता है कि किताब का शीर्षक किसी एक अच्छी कहानी का फिट करते हैं। जिससे किताब चल जाये। इससे फायदा भी होता है लेकिन घाटा भी है। पाठक फिर उस पाठ पर जल्दी पहुंचना चाहते हैं क्योंकि हमने उसका नाम उस पन्ने पर लिख दिया है जिससे किताब जानी जायेगी।
किताब में कुछ कहानियां हैं जो हमारे जिंदगी के कुछ पहलुओं को छूती है। इसमें एक कहानी बचपन से जुड़ी हुई है। जिसको पढ़ते हुये लगता है कि हम भी कुछ ऐसा ही करते थे। वो पूरा बचपन आपको याद दिलाता है। हर किसी के अंदर एक शाबू जरूर होता है जो आपके साथ हर जगह खड़ा रहता है। इसमें कुछ कहानी जिंदगी के उस पैबंद की है जब हम दुनिया से लड़ने को तैयार हो जाते हैं। इसमें वो कहानी है जो हमारे समाज की सच्चाई भी है। वो लड़कों से लड़कों वाला प्यार है और समाज क्या कहेगा ये डर भी है।
कहानी वो भी मिलेगी जो नौजवान लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आयेगी क्योंकि उसमें प्यार होगा। प्यार वो स्कूल वाला, पहली नजर वाला जो सबको कभी न कभी, किसी न किसी से होता ही है।
जिंदगी आइस पाइस ऐसी ही तो है बिल्कुल निखिल सचान की कहानियों की तरह। कभी हम जिंदगी के किसी छोर में सफल होते हैं और किसी में नहीं। लेकिन ये कहानियां बताती हैं कि इससे जिंदगी खत्म नहीं होती, हंसते-गुनगुनाते चलती ही रहती है।

किताब का छोटा-सा अंश

त्रिपाठी माठ सा‘ब ने बताया कि असिम्प्टोट वो लाइन होती है जो पैराबोला को अनंत पर जाकर मिलती है। मेरे दिल की धड़कनें अचानक और तेज हो गईं। मुझसे रहा नहीं गया और मैंने हाथ खड़ा किया।
“सर?”
“हां बालक, कहो क्या प्रश्न है?”
“अनंत पर मिलना क्या होता है?”
“अनंत पर मिलना, मतलब इनफिनिटी पर मिलना।”
“हां तो माठ सा‘ब, इनफिनिटी पर मिलना क्या होता है?”
“इनफिनिटी पर मिलना मतलब अनंत पर मिलना।” त्रिपाठी जी ने चीखते हुआ कहा। 
“सर आप समझ नहीं रहे हैं। मैंने ये तो समझ लिया कि इनफिनिटी का मतलब अनंत होता है। लेकिन ये ‘मिलना’ क्या होता है?”
“पगला गए हो क्या बालक? बिना बात दिमाग खराब कर रहे हो। इधर आकर मुर्गा बन जाओ।” 
“सर आप तो बिला वजह नाराज हो रहे हैं। मन में सवाल था तो पूछ लिया।‘
“सवाल गया बाबा जी की लंगोटी में। अब इधर आकर सीधी तरह मुर्गा बनते हो या नहीं?”
“इनफिनिटी पर मिलना भी कैसा मिलना हुआ सर! ऐसे तो फिर असिम्प्टोट पैराबोला से कभी नहीं मिल सकेगा। सीधे-सीधे आप ये क्यों नहीं कह देते कि दरअसल दोनों कभी मिलते ही नहीं हैं। ऐसा बस प्रतीत होता है कि दोनों कहीं मिल रहे हैं।” मैंने मुर्गा बने हुए घुटनों के बीच से त्रिपाठी जी को घूरते हुए, दुखी मन से जवाब दिया।
मेरा दिल टूट चुका था। साथ में मेरी टांगें भी।

किताब की ताकत

किताब की ताकत है कि लेखक ने इसे बेतरतीब से ढाला है मतलब बिल्कुल सिंपल। इन्होंने कल्पना वो झाड़ नहीं उगाया जो वास्तव में तो होता नहीं है बस किताब में पटक दिया जाता है। किताब की भाषा बेहद ही रोचक है मतलब बिल्कुल शु़द्ध और देसी। कहानी तो अच्छी हैं ही जो हमारे अंदर जुड़ाव बनाये रखती है। ये किताब हर वर्ग के लिये है क्योंकि कहानियां हैं कोई ज्ञान नहीं जो साइंस और काॅमर्स में बंट जायेगा।

किताब की कमी

किताब की कमी मुझे इनकी ताकत ही लगी। ये चाहते तो कहानियों को गोतों और कल्पनाओं में डालकर छानकर परोस सकते थे। इसमें साहित्यिक उतना नहीं है। अक्सर हिंदी किताबों को पढ़ते हैं तो कुछ शब्द ऐसे आ जाते हैं जिनको जानने की जिज्ञासा आती है और सीखने के लिहाज से अच्छा है। लेकिन इस किताब में ऐसा नहीं है। शायद किताब को सिंपल और सरल रखने के लिहाज से ऐसा किया है। ये किताब वे बिल्कुल भी नहीं पढ़ें जिनको लगे कि इससे कुछ सीखने को मिलेगा। हां! सीखने को तो नहीं लेकिन याद करने को मिलेगा। इन कहानियो के जरिये अपनी आस पास की जिंदगी याद आ जाती है।
किताब पढ़ने और गढ़ने के हिसाब से वाकई अच्छी है। कहानी वहीं थीं जो हमारे आसपास चल रही थी। बस किसी में मुस्कुराहट थी तो किसी में मार्मिकता। किताब में कहानी अच्छी तरह से हमको जोड़े रखती है। कुल मिलाकर अच्छी लेखक की अच्छी किताब है ‘जिंदगी आइस पाइस’।
बुक- जिंदगी आइस पाइस
लेखक- निखिल सचान
प्रकाशन- हिन्द युग्म।

Saturday 18 August 2018

मन में उठे विचारों और अपनी सोच का एक बढ़िया कहानी संग्रह है ‘ठीक तुम्हारे पीछे’



किताबों की दुनिया वाकई बेहद रोचक होती है। जिन बातों के बारे में हम किसी से कह नहीं पाते वो किताबें कह देती हैं। हम सोचते हैं वो बस दिमाग में रहता है लेकिन वो कहानी का रूप ले सकता है। मुझसे कहा जाये तो नहीं, अनगिनत विचार है कैसे कहानी में पिरोया जाये, बेहद मुश्किल है। लेकिन वैसे ही ख्याल आपको किसी किताब में पढ़ने मिले तो उससे जुड़ाव हो जाता है। ऐसी ही कहानियों का संग्रह है ‘ठीक तुम्हारे पीछे’।

‘ठीक तुम्हारे पीछे’ के लेखक हैं मानव कौल। मानव कौल को बहुत से लोग उनको एक्टर के तौर पर जानते हैं। उनको हमने ‘तुम्हारी सुलु’ मूवी में हाल में देखा था। लेकिन वे एक अच्छे लेखक हैं, कवि हैं और थियेटर आर्टिस्ट भी हैं। ठीक तुम्हारे पीछे मानव कौल का पहला कहानी संग्रह है।

किताब के बारे में

‘ठीक तुम्हारे पीछे‘ की हर कहानी एक पड़ाव पर जाती है। पड़ाव पात्रों का, पड़ाव मन का, पड़ाव लेखक का और उसी पड़ाव के कारण पाठक जुड़ते जाते हैं। हर कहानी की एक अलग दिशा है चाहे वो ‘दूसरा आदमी‘ हो या ‘तोमाय गान शोनाबो’। इन कहानियों की एक खासियत है इसमें कहानी आगे धीरे-धीरे बढ़ती है। इन कहानियों में मुख्य पात्र कुछ सोचता है और उसकी वो सोच बहुत असीम होती है। वो सोचता है कि घर में लगे पर्दों के बारे में। किसी लड़की से मिले तो उसके साथ संबंधों के बारे में, उसके हर पहलू के बारे में।

इस सोच को शब्दों में पिरोया है और उसे कहानी का रूप दे दिया गया है। बीच-बीच में कुछ बातें होती हैं जो सच में होती हैं लेकिन वो सीधी और सटीक होती हैं। जब कल्पना और सोच का दायरा बढ़ता है तो वो कहानी बन जाती है। 

कुछ कहानी हैं जो सीधी हैं ‘मुमताज भाई पतंगवाले’। इस कहानी में कल्पना और सोच कम हैं। इसमें बातें ज्यादा हैं, यादें ज्यादा हैं। फिर भी इसको खराब कहानी नहीं कहा जा सकता क्योंकि इस कहानी को जिस तरह लिखा गया है वो रोचक है, बिल्कुल फ्लैश बैक की तरह। इन कहानियों को पढ़ने पर बहुत बार लगेगा कि इसमें कहानी कहां है सिर्फ बातें हैं खुद से की गई बातें। लेकिन फिर भी आप कहानी को बीच में नहीं छोड़ सकते क्योंकि अगले ही पल क्या होने वाला है वो रोमांच पैदा करता है। एक कहानी में सस्पेंस भी रहता है जिसमें पता नहीं चलता झूठ कौन बोल रहा है? ऐसी ही सोच और विचारों से भरा है यह कहानी संग्रह ‘ठीक तुम्हारे पीछे’।

एक अदना-सा अंक

रोहन शील को उन दिनों की याद दिलाता था जब उसकी शादी नहीं हुई थी। समीर उस वक्त उसे बिना छुए रह ही नहीं पाता था। कहीं भी बाजार में, रेस्टोरेंट में, किसी दुकान पर। वह समीर को लगातार झिड़कती रहती थी। उसे पता था यह गलत है इसलिये उसमें रोमांच था। उसे यह भी पता था कि समीर के साथ उसका संबंध गलत है, उसके मां-बाप कभी उसके इस संबंध को नहीं स्वीकारेंगे, इसलिए वह संबंध भी रोमांच से भरा था। अब रोहन है जो पूरी तरह से गलत है, इसलिये उसके बारे में सोचना भी शील को रोमांच से भर देता है। इसकी ग्लानि भी है। पीड़ा भी है। डर है। सब कुछ है।

लेखक ने अपनी सोच को, विचारों को कहानी का रूप दिया है या फिर इसे ऐसे कहा जा सकता है। उसने रचनात्मक रूप में कहानियों को लिखा है। विचार हों या रचनात्मक। दोनों ही सूरत में इसे बेहतरी की ओर ले जाती हैं। कहानी के अंत और शुरूआत में लगभग एक ही चीज पा सकते हैं। वक्त खराब है तो आखिर में खराब ही रहेगा और सही है तो शायद सही। ये उस प्रकार की कहानी हैं जो शुरूआत में कुछ जवाब खोजती हैं और अंत में मिल जाते हैं। इसमे अंत तक जवाब नहीं मिलता है। मान लो कहानी कह रही है कि तुमको अपनी उस सोच का जवाब मिला जो तुम सोचते रहते हो।

किताब की खूबी

किताब कई मायनो में अच्छी है। एक पाठक के तौर पर तो बेहद ही नई है। ऐसा कहानी-संग्रह कम लिखा है जिसमें अपनी सोच से खेला गया हो। कहानी रचनात्मक ढंग की है। मानो खुद से खुदकी, की गई बातें। शब्दों का उपयोग भी बेहतर किया गया है। जिनकी कुछ अच्छा, कुछ नया, कुछ बेहतर पढ़ने की इच्छा है वे इसे पढ़ सकते हैं।



कौन न पढ़े

इस किताब की भी हर किताब की तरह कुछ खामियां हैं। कहानी को रचनात्मक ढंग से लिखने के चक्कर में लेखनी में कुछ कमी आ गई है। जिससे कहानी को समझने में थोड़ा जोर देना पड़ सकता है। सामान्य पाठक कहानी से भटक भी सकते हैं। इस किताब को हर कोई पढ़ सकते हैं लेकिन अगर इस सोच से खरीद रहे हो कि इसमें हमें साहित्य के बेढंगे शब्द और कहानी मिलेगी तो मुश्किल है। क्योंकि इसमें वैसा कुछ नहीं है। ये तो ठीक तुम्हारे पीछे की कहानियां हैं जिसे हम देख ही नहीं पाते हैं।

किताब बेहद ही रोचक और सादगी से लिखी है। पढ़ने पर लगता है कि लेखक के पास कितने विचार और टीस है जो वो कहानियों में पेश कर रहा है। कुछ-कुछ कहानियों में तो लगता है कि ऐसा ही तो मैं सोचता हूं बस लिखता नहीं हूं। लेकिन खुशी है इन कहानियों में वो सब है जिनमें कुछ टीस मेरी भी है।

बुक- ठीक तुम्हारे पीछे
लेखक- मानव कौल
प्रकाशक- हिन्द युग्म।